ब्लूटूथ डिवाइस और बैट्री बरामद, वाराणसी का अभ्यर्थी गिरफ्तार
आजमगढ़: शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज में रविवार को आयोजित UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए नकल करने का प्रयास कर रहे एक अभ्यर्थी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कक्ष निरीक्षकों को अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस को सूचना दी गई। तलाशी के दौरान उसके कान के अंदर छिपाई गई एक हियरिंग डिवाइस तथा अंडरवियर में छिपाकर रखा गया एक ब्लूटूथ डिवाइस और दो सेल बैट्री बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में अभ्यर्थी ने परीक्षा के दौरान बाहरी व्यक्ति से प्रश्नों के उत्तर प्राप्त कर नकल करने की योजना की बात स्वीकार की। पुलिस ने मौके से ही आलोक पटेल (24) पुत्र वंशराज पटेल, निवासी ग्राम भड़ाव, थाना जन्सा, जनपद वाराणसी को रविवार सुबह करीब 11:45 बजे हिरासत में ले लिया। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 414/2026 के तहत धारा 319(2), 318(4), 61(2) बीएनएस, उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अध्यादेश-2024 की धारा 8, 11(6), 13(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी में मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सिंह प्रिन्स बीर नायक, कांस्टेबल नीरज यादव और कांस्टेबल अवधेश गुप्ता शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि परीक्षाओं की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नकल तथा अनुचित साधनों के इस्तेमाल के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
Blogger Comment
Facebook Comment