अहरौला थाने में तैनात आरक्षी पर आरोप, विभागीय कार्रवाई के निर्देश
आजमगढ: थाना अहरौला में तैनात आरक्षी जितेन्द्र कुमार को पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, अनुशासनहीनता और विभागीय गोपनीयता भंग करने के आरोप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरक्षी पर थाना क्षेत्र के अपराधियों और अभियुक्तों से अनधिकृत रूप से दूरभाष व वाट्सएप के माध्यम से संपर्क रखने तथा अभियोग और विवेचना से संबंधित गोपनीय सूचनाओं व दस्तावेजों का आदान-प्रदान करने का प्रथमदृष्टया आरोप है। आरोप है कि इस माध्यम से अभियुक्तों को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए जांच और अभियोग को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। साथ ही विभागीय गोपनीयता भंग करने और उच्चाधिकारियों के आदेश-निर्देशों की अवहेलना का भी आरोप है। प्रकरण की कार्रवाई के दौरान आरक्षी के विरुद्ध प्रथमदृष्टया गंभीर आरोप पाए जाने पर एसएसपी ने निलंबन की कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पदीय दायित्वों में लापरवाही, स्वेच्छाचारिता और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने तथा उच्चाधिकारियों के निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
Blogger Comment
Facebook Comment