बरदह पुलिस ने अभियुक्ता को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया
आजमगढ़' बरदह थाना क्षेत्र में चोरी करते पकड़े जाने पर महिला की गला रेतकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल 22 वर्षीय अभियुक्ता, निवासी ग्राम बरदह, थाना बरदह को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सब्जी काटने वाला चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार 20 अगस्त को बरदह गांव निवासी अकबरी की घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। सूचना पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के दौरान अकबरी के घर लगातार आने-जाने वाली महिला पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसके बयानों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के मुताबिक अभियुक्ता को जानकारी थी कि अकबरी घर में रुपये रखती है। 20 अगस्त को अकबरी के अकेले होने का फायदा उठाकर वह चोरी की नीयत से उसके घर पहुंची और बेड के नीचे रखे रुपये निकालने लगी। इसी दौरान अकबरी वहां पहुंच गई और उसने उसे चोरी करते देख लिया। विरोध करने पर दोनों के बीच हाथापाई हुई। बाल खींचने के दौरान अकबरी चारपाई के पाये से टकराकर बेहोश हो गई। पकड़े जाने के डर से अभियुक्ता ने रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से अकबरी का गला रेत दिया और मौके से निकलकर अपने घर चली गई। बाद में उसने चाकू घर के पास करकट में छिपा दिया था। पुलिस ने अभियुक्ता की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। आरोपी को 22 अगस्त को सुबह करीब 7:15 बजे गिरफ्तार किया गया। मामले में थाना बरदह में मुकदमा अपराध संख्या 289/2026, धारा 103(1)/333 बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल कमलेश प्रसाद, रिजर्व आरक्षी वेद व्यास तिवारी, महिला आरक्षी अंकिता सिंह और महिला आरक्षी बीनू सिंह शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment