.

आजमगढ़: वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा




राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा शहर,विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा


आजमगढ़' स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस, लच्छीरामपुर की ओर से 300 मीटर लंबे तिरंगे के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और संस्थान के स्टाफ ने हिस्सा लिया। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।
तिरंगा यात्रा को वेदांता हॉस्पिटल के डायरेक्टर विशाल जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र के प्रति भावना, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करने की अपील की। वेदांता ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर ऋत्विक जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यात्रा निकाली गई। इसका उद्देश्य जन-जन में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।
यात्रा वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग, लच्छीरामपुर से शुरू होकर वेदांता हॉस्पिटल, लच्छीरामपुर से मुकेरीगंज, पहाड़पुर, तकिया चौक, मातबरगंज, पुरानी सब्जी मंडी, पांडेय बाजार और शिब्ली नेशनल कॉलेज होते हुए वापस वेदांता स्कूल परिसर पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।
यात्रा के दौरान 300 मीटर लंबे विशाल तिरंगे ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ तिरंगा थामकर देशभक्ति के नारे लगाए। कार्यक्रम कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रीना पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। उनके नेतृत्व में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऋत्विक जायसवाल ने लोगों से 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्र के सम्मान में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
आयोजन को सफल बनाने में कॉलेज के शिक्षक शशांक श्रीवास्तव, अविनाश सिंह, श्रुति कुशवाहा, हेमंत पांडेय, मनोज यादव, खुशबू मोदनवाल, आकांक्षा राव, सुधा मद्धेशिया, कृष्णकांत यादव, अश्विन यादव और विकास सिंह सहित समस्त स्टाफ का योगदान रहा। तिरंगा यात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment