.

आजमगढ़: राष्ट्रीय पेंचक सिलाट में जीडी ग्लोबल स्कूल का दमदार प्रदर्शन



राष्ट्रीय प्रतियोगिता में आत्री सिंह ने कांस्य पदक जीता, अथर्व सिंह ने भी राज्य स्तर पर किया शानदार प्रदर्शन

आजमगढ़: जीडी ग्लोबल स्कूल, करतालपुर बाईपास के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पेंचक सिलाट प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जनपद और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। मुंबई (महाराष्ट्र) में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र आत्री सिंह ने जिला और राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं अथर्व सिंह ने जिला स्तर पर स्वर्ण और राज्य स्तर पर रजत पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। दोनों खिलाड़ियों का चयन आगामी फेडरेशन कप और ऑल इंडिया चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है।
विद्यालय की निदेशिका स्वाति अग्रवाल ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि जीडी ग्लोबल स्कूल का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल, संस्कृति और व्यक्तित्व विकास के क्षेत्र में भी विद्यालय के विद्यार्थी लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। आत्री सिंह और अथर्व सिंह की सफलता उनके कठिन परिश्रम, समर्पण और विद्यालय में मिले गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का परिणाम है।
विद्यालय के प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि प्रतिभा तभी निखरती है, जब उसे उचित मार्गदर्शन, संसाधन और प्रोत्साहन मिले। विद्यालय विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।
प्रधानाचार्या दीपाली भूस्कूटे ने खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता अनुशासन, निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी आगामी फेडरेशन कप और ऑल इंडिया चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और देश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment