.

आजमगढ़: एलर्जी, दमा व श्वास रोगियों को निश्शुल्क आयुर्वेदिक दवा वितरित



अग्रवाल युवा समाज द्वारा आयोजित शिविर में दूर-दराज के जिलों से पहुंचे मरीज

आजमगढ़: अग्रवाल युवा समाज की ओर से रविवार को श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय में एलर्जी, दमा एवं श्वास रोगियों के लिए निश्शुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आजमगढ़ के अलावा आसपास के जनपदों और दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। मुगलसराय से आई चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का परीक्षण कर आयुर्वेदिक दवाओं का वितरण किया तथा दवा का सेवन भी कराया। इस दौरान डॉ. विकास गर्ग ने एलर्जी, दमा और श्वास संबंधी बीमारियों से बचाव एवं जीवनशैली में आवश्यक बदलाव की जानकारी दी।
शिविर का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद आयोजित योग कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को नियमित योग के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला महिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. विनय कुमार रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. अमन गर्ग, डॉ. अंकुर अग्रवाल, डॉ. अर्पित अग्रवाल एवं डॉ. रेखा गुप्ता उपस्थित रहीं। अतिथियों ने अग्रवाल युवा समाज द्वारा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। शिविर में अग्रवाल हितकारिणी न्यास ट्रस्ट के अध्यक्ष अतुल कुमार अग्रवाल (मुन्ना बाबू), उपमंत्री सीताराम अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष सुदर्शन दास अग्रवाल, श्रीकृष्ण गौशाला समिति के अध्यक्ष अनूप कुमार अग्रवाल, अग्रवाल धर्मशाला के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। अग्रवाल युवा समाज के महामंत्री हर्षित अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि शिविर की तैयारी पिछले दो माह से की जा रही थी। इसी का परिणाम रहा कि बड़ी संख्या में मरीजों को निश्शुल्क आयुर्वेदिक दवा उपलब्ध कराई जा सकी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। शिविर को सफल बनाने में युवा समाज के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment