.

आजमगढ़: इंस्टाग्राम पर दोस्त की फर्जी आईडी बना कर ठगे ₹35 हजार, पुलिस ने पूरी रकम लौटवाई


मुबारकपुर के युवक से विदेश में फंसे होने का झांसा देकर मांगे थे रुपये

आजमगढ़: इंस्टाग्राम पर मित्र की फर्जी आईडी बनाकर ₹35 हजार की साइबर ठगी करने के मामले में मुबारकपुर पुलिस की साइबर टीम और जनपद साइबर सेल ने पीड़ित को पूरी धनराशि वापस दिलाने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार, थाना मुबारकपुर क्षेत्र के ग्राम पुरा रानी निवासी राहत अली पुत्र बदरुद्दीन के पास 15 नवंबर 2025 को इंस्टाग्राम पर उनके एक मित्र की फर्जी आईडी से संदेश आया। ठग ने स्वयं को विदेश में फंसा बताते हुए तत्काल पैसों की आवश्यकता होने की बात कही। दोस्त की मदद समझकर राहत अली ने बिना पुष्टि किए बताए गए खाते में ₹35 हजार ट्रांसफर कर दिए। बाद में वास्तविकता सामने आने पर उन्हें साइबर ठगी का पता चला। पीड़ित ने मामले की शिकायत एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद थाना मुबारकपुर की साइबर टीम और जनपद साइबर सेल ने संबंधित बैंक व अन्य माध्यमों से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की। प्रयासों के परिणामस्वरूप पीड़ित के खाते में ₹35 हजार की पूरी धनराशि वापस करा दी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी व्यक्ति द्वारा धनराशि मांगने पर उसकी पहचान की पुष्टि अवश्य करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते कार्रवाई कर धनराशि वापस कराई जा सके।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment