नीट-2026 परीक्षा में असफलता मिलने पर आत्मघाती कदम उठाना माना जा रहा कारण
आजमगढ़ : मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-2026 में सफलता न मिलने से आहत 18 वर्षीय छात्रा ने शुक्रवार को शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस विधिक कार्रवाई में जुट गई है। शहर कोतवाली के सिविल लाइन स्थित कोईरी पोखरा निवासी संजय यादव की 18 वर्षीय पुत्री सृष्टि यादव मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। उसने इस वर्ष आयोजित नीट-2026 की परीक्षा दी थी। गुरुवार रात घोषित परिणाम में उसे सफलता नहीं मिली। स्वजन के अनुसार परिणाम आने के बाद से वह काफी मायूस थी। सृष्टि के पिता संजय यादव का कोरोना काल में निधन हो चुका है। उसकी मां आशा देवी परिषदीय विद्यालय में शिक्षिका हैं। सृष्टि अपनी मौसी के साथ बिहार के एक मिलिट्री स्कूल में पढ़ाई करती थी। नीट परीक्षा में शामिल होने के लिए करीब तीन माह पहले वह बिहार से घर आई थी। शुक्रवार को मां विद्यालय चली गई थीं और सृष्टि घर पर अकेली थी। छुट्टी होने के बाद जब विद्यालय से उसकी मां पहुंची तो आवाज लगाने के बाद भी सृष्टि की कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दूसरी चाभी से दरवाजा खोल कर जब वह अंदर गई तो देखा बेटी का शव फंदे से लटक रहा है। शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए और डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिया भेज दिया। क्षेत्राधिकारी नगर शुभम टोडी ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।
Blogger Comment
Facebook Comment