.

आजमगढ़: जल भराव के चलते बदला सीएम का कार्यक्रम स्थल


अब महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय में होगा आयोजन,अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया

आजमगढ़' आगामी 13 जून को प्रस्तावित वीवीआईपी आगमन कार्यक्रम के मद्देनजर प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल में बदलाव कर दिया है। कृषि महाविद्यालय कोटवा परिसर में बारिश के कारण जल जमाव की स्थिति उत्पन्न होने पर कार्यक्रम का स्थल संशोधित कर महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय निर्धारित किया गया है। गुरुवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन जर्मन हैंगर, जनसभा स्थल, वीआईपी एवं आमजन के लिए पार्किंग व्यवस्था, सेफ हाउस, बैठक स्थल, आगमन एवं प्रस्थान मार्ग तथा सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से जायजा लिया। संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारु रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने जनसभा स्थल पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने को कहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक भी की, जिसमें विभिन्न विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से कार्यक्रम का सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment