एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई, पेड़ काटने की अनुमति दिलाने के नाम पर मांगी रिश्वत
आजमगढ़: जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के डीएफओ कार्यालय में तैनात एक स्टेनो कपिलदेव यादव को ₹7,500 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि वह पेड़ काटने की अनुमति से जुड़े कार्य के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग कर रहा था। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले मनोज विश्वकर्मा ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि पेड़ कटवाने की ऑनलाइन अनुमति के लिए आवेदन किया था, जिस पर स्टेनो कपिलदेव यादव रिश्वत मांग रहा था। बताया जा रहा है कि शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। डीएफओ कार्यालय के गेट के पास शिकायतकर्ता से तय रकम दिलवाते ही टीम ने स्टेनो को मौके पर ही पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ की गई। एंटी करप्शन टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि रिश्वतखोरी की इस प्रक्रिया में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका तो नहीं थी।
Blogger Comment
Facebook Comment