.

आजमगढ़: भाई ने भाई का रेता गला, भूमि विवाद में युवक की हत्या


सऊदी से 10 दिन पहले लौटा था युवक, छोटे भाई पर लगा हत्या का आरोप

आजमगढ़:जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के नयापुरा कस्बे में मंगलवार शाम भूमि विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान 25 वर्षीय युवक दिलशेर की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पत्नी ने हत्या का आरोप उसके सगे छोटे भाई अनस पर लगाया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार नयापुरा निवासी दिलशेर करीब 10 दिन पहले ही सऊदी अरब से अपने घर लौटा था। परिवार में काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि मंगलवार शाम इसी विवाद को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान अनस ने धारदार हथियार से दिलशेर के गले पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल के पास स्थित बगीचे में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची जहानागंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पत्नी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि भूमि विवाद के चलते उसके पति की हत्या उसके सगे छोटे भाई अनस ने की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। घटनास्थल पर भीड़ बढ़ने के कारण पुलिस को व्यवस्था बनाए रखने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को वहां से हटाया। घटना के बाद नयापुरा कस्बे में शोक और तनाव का माहौल है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment