.

आजमगढ़: खाते से कटी 98 हजार रुपये की रकम वापस, साइबर सेल और कोतवाली पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई


शिकायत मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस, 1930 हेल्पलाइन पर सूचना देने से बच गई पूरी धनराशि

आजमगढ़: साइबर अपराध के शिकार लोगों के लिए राहत भरी खबर है। थाना कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला के बैंक खाते से बिना अनुमति के कटे 98 हजार रुपये साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वापस करा दिए गए। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। पुलिस के अनुसार सुनैना यादव पत्नी प्रदीप यादव उर्फ गामा यादव निवासी शेखपुरा, थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़ के बैंक खाते से बिना किसी जानकारी और अनुमति के 98,001 रुपये निकल गए थे। खाते से धनराशि कटने का संदेश मिलने पर उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संख्या 23103260049486 प्राप्त होने के बाद थाना कोतवाली के साइबर प्रभारी और उनकी टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। साइबर पोर्टल के माध्यम से संबंधित बैंक एवं अन्य एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया गया। पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के चलते पीड़िता के खाते में 98,000 रुपये की पूरी धनराशि वापस करा दी गई। पुलिस ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी फर्जी बैंक अधिकारी बनकर कॉल करने, केवाईसी अपडेट, बिजली बिल, गैस कनेक्शन या पैन कार्ड अपडेट के नाम पर लिंक भेजने, सोशल मीडिया पर निवेश का लालच देने, स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड कराने तथा ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंकिंग विवरण प्राप्त कर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।
जनसामान्य से अपील की गई है कि वे किसी के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, सीवीवी अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन, साइबर क्राइम पोर्टल या निकटतम पुलिस स्टेशन से संपर्क करें। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सागर कुमार रंगू, कांस्टेबल नीरज पटेल तथा कांस्टेबल राजन कुमार गोड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment