कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने किया शुभारंभ, अधिकारियों ने किया पौधरोपण
आजमगढ़: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को चंद्रमा ऋषि आश्रम, सिलनी में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह छह बजे से आठ बजे तक चले इस कार्यक्रम में करीब 1200 योग साधकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला विकास अधिकारी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, जिला होम्योपैथिक अधिकारी समेत जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। आयुष विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. श्याम सुंदर नीरज, डॉ. समीर कुमार गुप्ता, डॉ. विनोद कुमार और डॉ. बालमुकुंद प्रसाद ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में आयुष विभाग, नीमा, पतंजलि योगपीठ, ब्रह्मकुमारी संस्थान, शिवालिक आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज और आर के मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों ने भी सहभागिता की। योग कार्यक्रम के दौरान कारागार मंत्री, जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण भी किया। इसके अलावा जनपद के सभी ब्लॉक मुख्यालयों, तहसील मुख्यालयों, कारागार, पुलिस लाइन, दीवानी न्यायालय, नगरपालिकाओं, नगर पंचायतों और ग्राम पंचायतों में भी सामूहिक योगाभ्यास कराया गया।
Blogger Comment
Facebook Comment