मण्डलायुक्त और डीआईजी ने कानून व्यवस्था व सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए निर्देश
आजमगढ़: मण्डलायुक्त विवेक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में शनिवार को मण्डलायुक्त सभागार में मण्डलीय कानून व्यवस्था तथा मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आजमगढ़, मऊ और बलिया के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने मुख्यमंत्री के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि मण्डल के सभी टोल प्लाजों पर देशभक्ति गीतों के साथ सड़क सुरक्षा नियमों, लू और वज्रपात से बचाव संबंधी संदेशों का प्रसारण किया जाए। उन्होंने सभी एआरटीओ को निर्देश दिया कि स्कूली वाहनों और बसों की शत-प्रतिशत फिटनेस जांच सुनिश्चित की जाए। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर नीलगाय प्रभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने, सड़कों पर रिफ्लेक्टर और साइनेज स्थापित करने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्पीड साइनेज और निगरानी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए। ड्रंक एंड ड्राइविंग रोकने और चिन्हित ब्लैक स्पॉटों पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने पर भी बल दिया गया।मण्डलायुक्त ने पुलिस और यूपीडा अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर समन्वय बनाकर प्रभावी पेट्रोलिंग की जाए तथा अनावश्यक रूप से सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों को निर्धारित स्थलों पर ही रुकने के लिए जागरूक किया जाए। कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने ग्राम समाज तथा शहरी क्षेत्रों की सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वाले भू-माफियाओं और कब्जाधारकों के खिलाफ तत्काल विधिक कार्रवाई कर भूमि को कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए। महिलाओं की गुमशुदगी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच और कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। मण्डलायुक्त ने तीनों जनपदों के पुलिस अधीक्षकों को आगामी त्योहारों और प्रतियोगी परीक्षाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने तथा पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने बैठक में बताया कि गंगा दशहरा, बकरीद तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को पुलिस और प्रशासन के समन्वय से शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों और परीक्षाओं को भी इसी प्रकार सकुशल सम्पन्न कराया जाएगा। साथ ही अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी पैरवी कर उन्हें सजा दिलाने और महिला अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की जानकारी भी दी। बैठक में जिलाधिकारी मऊ आनंद वर्धन, जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर, पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आजमगढ़ परीक्षित खटाना, मुख्य विकास अधिकारी मऊ विवेक कुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी बलिया ओजस्वी राज, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज कुमार श्रीवास्तव, अपर आयुक्त प्रमोद कुमार पाण्डेय सहित मण्डलीय एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment