परंपरागत ढंग से त्योहार मनाने की अपील, खुले में कुर्बानी व नई परंपरा पर रहेगी रोक
आजमगढ़: आगामी गंगा दशहरा एवं बकरीद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को हरिऔध कला केंद्र में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, संभ्रांत नागरिक और पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ क्षेत्रवार पीस कमेटी की बैठकें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों, नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को गंगा दशहरा के अवसर पर लगने वाले मेले एवं स्नान पर्व को देखते हुए नदी घाटों, बड़े तालाबों तथा मंदिर परिसरों की साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने चंद्रमा ऋषि, दुर्वासा ऋषि, दत्तात्रेय, भैरवनाथ मंदिर एवं शंकर मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों तक जाने वाले मार्गों पर सफाई व चूना छिड़काव कराने को कहा। उन्होंने नदी घाटों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गोताखोर, नाव, रस्सी व अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत कार्य किया जा सके। बकरीद पर्व को लेकर जिलाधिकारी ने धर्मगुरुओं एवं प्रबुद्धजनों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि त्योहार पर किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी दशा में प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी न हो और खुले में कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। साथ ही कुर्बानी के बाद अपशिष्ट पदार्थों का खुले में निस्तारण न कर निर्धारित गहराई वाले गड्ढों में वैज्ञानिक तरीके से डिस्पोजल सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ड्रिंक एंड ड्राइव तथा ओवरस्पीडिंग से बचने की भी अपील की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बकरीद पर्व पर परंपरागत स्थलों पर ही कुर्बानी कराई जाए और किसी भी दशा में खुले में कुर्बानी न होने पाए। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार सड़क पर नमाज अदा नहीं की जाएगी। एसएसपी ने कहा कि शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें समय रहते पाबंद किया जाए। उन्होंने नगर निकायों एवं पंचायत विभाग को मस्जिदों, ईदगाहों एवं नमाज स्थलों के आसपास साफ-सफाई, चूना छिड़काव और जलापूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए कुर्बानी के बाद अपशिष्ट के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया, जिससे फूड प्वाइजनिंग जैसी समस्याओं से बचा जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी, समस्त एसडीएम, सीओ, एसीएमओ समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं धर्मगुरु मौजूद थे।
Blogger Comment
Facebook Comment