एक बाल अपचारी भी हिरासत में , झपटमारी का सामान व तमंचा बरामद
आजमगढ़: बिलरियागंज थाना पुलिस ने झपटमारी की घटना का सफल अनावरण करते हुए मुठभेड़ के बाद एक अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथ मौजूद एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस, नगदी, मोबाइल फोन, लेडीज बैग और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार 23 मई 2026 को महजवीन पत्नी शादाव अहमद निवासी जमीन रसूलपुर थाना रौनापार जनपद आजमगढ़ ने थाना बिलरियागंज में तहरीर देकर बताया था कि वह बिलरियागंज बाजार से ई-रिक्शा से घर जा रही थीं। इसी दौरान वधैला के पास पीछे से बाइक सवार दो अज्ञात युवक आए और उनका पर्स झपट्टा मारकर फरार हो गए। पर्स में नगदी और मोबाइल फोन रखा हुआ था। इस संबंध में थाना बिलरियागंज पर मुकदमा संख्या 133/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में मंगलवार को बिलरियागंज पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि झपटमारी की घटना में शामिल आरोपी काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से नहर पटरी मार्ग होते हुए नसीरपुर की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने नसीरपुर मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार सामने से आ रहे बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने भागने की कोशिश की और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें फुजैल अहमद पुत्र अलीम निवासी अम्बेडकर नगर कसाई मोहल्ला, थाना बिलरियागंज जनपद आजमगढ़ के दाहिने पैर में गोली लग गई। उसके साथ मौजूद एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने संरक्षण में ले लिया। घायल आरोपी को पहले सीएचसी बिलरियागंज और बाद में जिला अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल से पुलिस ने एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, झपटमारी के 9800 रुपये नगद, एक मोबाइल फोन, एक लेडीज बैग और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना बिलरियागंज में मुकदमा संख्या 136/2026 धारा 109(1) बीएनएस व 9/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी फुजैल अहमद पर पूर्व में चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, रतन सिंह पटेल, गिरिजेश यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment