.

आजमगढ़: गोकशी के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, एक घायल, एक फरार


कप्तानगंज पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर गोतस्कर को किया गिरफ्तार, तमंचा व बाइक बरामद

आजमगढ़: कप्तानगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गोकशी के मामले में वांछित एक गोतस्कर घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश के कब्जे से अवैध तमंचा, खोखा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं रात्रि गश्त के दौरान कप्तानगंज पुलिस को सूचना मिली कि 12 मई को ग्राम कुशमहरा स्थित सीएचसी छितुवा के पीछे प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने की घटना में शामिल दो बदमाश बाइक से धरौली मोड़ कूड़ा घर की तरफ आ रहे हैं और फिर से गोकशी की घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जय प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश के दाहिने पैर में लग गई, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान आरिफ उर्फ फुसी पुत्र यूनुस निवासी साहपुर सारैन थाना अहरौला जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी की पहचान आजाद पुत्र फिरोज निवासी मेहियापार थाना अहरौला के रूप में की गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरिफ उर्फ फुसी हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर प्रतिबंधित पशुओं को पकड़कर सुनसान स्थानों पर उनका वध कर मांस की बिक्री करता था तथा सबूत मिटाने के लिए अवशेषों को नदी, नालों या खेतों में फेंक देता था।
मौके से पुलिस ने एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इस संबंध में थाना कप्तानगंज में गोवध निवारण अधिनियम, बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment