.

आजमगढ़: इंस्टाग्राम रील के लिए बुलेट के चारों तरफ लगाई आग, युवक गिरफ्तार


खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर किया था अपलोड, पुलिस ने बाइक भी सीज किया

आजमगढ़: सोशल मीडिया पर खतरनाक तरीके से रील बनाकर अपलोड करना एक युवक को महंगा पड़ गया। थाना कोतवाली पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिल पर पेट्रोल डालकर आग लगाने और उसका वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को सीज करते हुए अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मीडियासेल आजमगढ़ से प्राप्त एक वीडियो में इंस्टाग्राम आईडी serveshsonkar से बुलेट मोटरसाइकिल संख्या UP50DC3535 के चारों ओर पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए रील बनाई गई थी। यह खतरनाक कृत्य सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन गया था, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया तथा सड़क भी क्षतिग्रस्त हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी सिविल लाइन उ0नि0 अभिषेक कुमार मिश्रा की तहरीर पर थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 235/2026 धारा 285/287/288 बीएनएस व 7 CLA एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। इसी क्रम में उ0नि0 सूर्यपाल मय हमराह द्वारा शनिवार को थाना कोतवाली परिसर से अभियुक्त सर्वेश सोनकर पुत्र स्वर्गीय प्रकाश सोनकर निवासी डीएवी कांशीराम आवास, थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़, उम्र लगभग 24 वर्ष को पुलिस हिरासत में लिया गया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल को 207 एमवी एक्ट के अंतर्गत सीज कर दिया है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ0नि0 सूर्यपाल, रि0का0 रितेश चौधरी एवं रि0का0 अश्वनी सिंह थाना कोतवाली जनपद आजमगढ़ शामिल रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment