.

आजमगढ़: मंगलसूत्र और नकदी चोरी करने वाली महिला गैंग की 5 सदस्य गिरफ्तार


सरैया बाजार से महराजगंज पुलिस ने दबोचा, चोरी गया मंगलसूत्र व 5 हजार रुपये बरामद


आजमगढ़: जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र में महिला गैंग द्वारा मंगलसूत्र और नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच महिलाओं को गिरफ्तार कर चोरी गया मंगलसूत्र एवं पांच हजार रुपये बरामद कर लिया। गिरफ्तार महिलाओं के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मड़छा हरिबल्लभ गांव निवासी चन्द्रमती पत्नी रामप्रीत राम ने महराजगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पांच महिलाओं ने उनके पर्स से मंगलसूत्र और पांच हजार रुपये चोरी कर लिए। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अनुराग कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। उपनिरीक्षक बालेन्द्र कुमार यादव और पुलिस टीम ने वादिनी के सहयोग से शनिवार को करीब साढ़े चार बजे सरैया बाजार से पांचों आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्ताओं में राजकुमारी पत्नी धारा प्रसाद निवासी पाउस थाना दोहरीघाट जनपद मऊ, उर्मिला पत्नी छांगुर निवासी पाउस थाना दोहरीघाट जनपद मऊ, गीता उर्फ चन्दा पत्नी जितेन्द्र निवासी सिधुवापार थाना बड़हलगंज जनपद गोरखपुर, सोनम उर्फ रानू पत्नी पंकज उर्फ दीपचन्द निवासी पाउस थाना दोहरीघाट जनपद मऊ तथा संध्या पत्नी सुग्रीव निवासी कोहरी कोहरा थाना गोला जनपद गोरखपुर शामिल हैं।
तलाशी के दौरान अभियुक्ता राजकुमारी के पास से चोरी गया मंगलसूत्र और 700 रुपये, उर्मिला से 900 रुपये, गीता उर्फ चन्दा से 1100 रुपये, सोनम उर्फ रानू से 1000 रुपये तथा संध्या से 1300 रुपये बरामद किए गए। इस मामले में थाना महराजगंज पर मु0अ0सं0 112/26 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्ता राजकुमारी के खिलाफ पूर्व में भी बलिया जनपद के कोतवाली थाने में चोरी और बरामदगी से संबंधित मुकदमा दर्ज है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment