.

आजमगढ़: 352 खोए मोबाइल बरामद कर लौटाए गए, 27 माह में 4172 फोन किए सुपुर्द


सीईआईआर पोर्टल के जरिए पुलिस की बड़ी सफलता, 10 करोड़ से अधिक कीमत के मोबाइल मालिकों तक पहुंचे

आजमगढ़: जनपद पुलिस द्वारा गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अप्रैल 2026 में कुल 352 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को वापस सौंपे गए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 88 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए नागरिकों से सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जाती है, जिसके आधार पर सीसीटीएनएस टीम द्वारा तकनीकी सहायता से फोन ट्रेस कर बरामद किए जाते हैं। इसी क्रम में 3 मई 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन द्वारा बरामद मोबाइल फोन उनके मालिकों को सुपुर्द किए गए।
पुलिस आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक कुल 959 मोबाइल फोन (लगभग 2 करोड़ 39 लाख 75 हजार रुपये कीमत) बरामद कर लौटाए जा चुके हैं। वहीं फरवरी 2024 से शुरू हुए इस अभियान के तहत बीते 27 महीनों में कुल 4172 मोबाइल फोन (करीब 10 करोड़ 28 लाख रुपये कीमत) बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपे गए हैं।
थानावार आंकड़ों में महराजगंज थाना क्षेत्र से सर्वाधिक 45 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जबकि मुबारकपुर से 34, रौनापार से 26 और सरायमीर से 19 मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके अलावा अन्य थानों द्वारा भी लगातार मोबाइल बरामदगी का कार्य किया जा रहा है, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिल रही है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment