.

आजमगढ़ ने स्व गणना में रचा इतिहास, 1.5 लाख परिवारों के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान पर


जनसहभागिता, प्रभावी रणनीति एवं प्रशासनिक समन्वय से मिली बड़ी सफलता

आजमगढ़: जनगणना 2027 के अंतर्गत संचालित स्व गणना अभियान में जनपद आजमगढ़ ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 1.50 लाख परिवारों की स्व गणना पूर्ण कर उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। “हमारी जनगणना, हमारा विकास” थीम पर चल रहे इस अभियान में जनसहभागिता, प्रशासनिक सक्रियता और प्रभावी रणनीति के बल पर आजमगढ़ ने प्रदेश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।जनपद आजमगढ़ ने 1.45 लाख स्व गणना के साथ अग्रणी चल रहे सोनभद्र जनपद को लगभग पांच हजार स्व गणना से पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि से जिले में उत्साह और गौरव का माहौल है। इस सफलता के पीछे प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना तथा जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह के कुशल नेतृत्व और सतत मॉनिटरिंग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जनपद के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों तथा संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से यह उपलब्धि संभव हो सकी। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे जनपद आजमगढ़ की सामूहिक सफलता है। उन्होंने कहा कि आजमगढ़वासियों ने यह साबित कर दिया है कि सामूहिक इच्छाशक्ति और सकारात्मक सहभागिता से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आत्मसंतुष्टि से बचते हुए इसी ऊर्जा के साथ आगे भी अभियान को गति देने की अपील की।स्व गणना अभियान के तहत नागरिकों को डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी जनगणना दर्ज कराने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। विभिन्न थीम आधारित दिवसों, रैलियों, कार्यशालाओं, विभागीय कार्यक्रमों और जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्व गणना के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी तथा निरंतर मॉनिटरिंग के कारण अभियान को व्यापक सफलता मिली है। जनपद प्रशासन ने इस उपलब्धि पर जनपदवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों को बधाई देते हुए उनके सहयोग, मेहनत और प्रतिबद्धता की सराहना की है। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ने विश्वास जताया कि इसी टीम भावना और जनसहभागिता के बल पर आजमगढ़ भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखेगा और जनगणना 2027 में प्रदेश स्तर पर नई मिसाल कायम करेगा।जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे स्व गणना पोर्टल पर अपनी जानकारी अवश्य दर्ज कराएं और राष्ट्र निर्माण के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment