.

फेम इंडिया सर्वे में चमका आजमगढ़, डीएम रविन्द्र कुमार देश के 100 बेस्ट परफॉर्मिंग जिलाधिकारियों में शामिल


उत्तर प्रदेश के सिर्फ 8 डीएम को मिली जगह, प्रशासनिक कार्यशैली और जनहितकारी पहलों को मिला राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान



आजमगढ़: देश की प्रतिष्ठित मैगजीन फेम इंडिया द्वारा किए गए अखिल भारतीय सर्वेक्षण में आजमगढ़ के जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार को देश के 100 “उत्कृष्ट एवं सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले” जिलाधिकारियों में शामिल किया गया है। इस उपलब्धि से जनपद आजमगढ़ के साथ ही पूरे उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ा है।
फेम इंडिया मैगजीन अपने आगामी विशेष संस्करण “बेस्ट डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट 2026” में चयनित अधिकारियों के कार्यों, नवाचारों और जनसेवा में उनके योगदान को प्रमुखता से प्रकाशित करेगी। प्रारंभिक सूची में शामिल 100 अधिकारियों में से 25 सर्वश्रेष्ठ अधिकारियों को विशेष स्थान भी दिया जाएगा। यह सर्वेक्षण देश के करीब 800 जिलों में किया गया, जिसका उद्देश्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उत्कृष्ट प्रशासनिक नेतृत्व देने वाले अधिकारियों की पहचान कर उन्हें प्रोत्साहित करना रहा। सर्वेक्षण एशिया पोस्ट एजेंसी के सहयोग से संपन्न हुआ। सर्वेक्षण में जिला मजिस्ट्रेटों का मूल्यांकन 10 प्रमुख मानकों पर किया गया। इनमें प्रशासनिक क्षमता, प्रभावी शासन, दूरदृष्टि एवं नवाचार, जवाबदेही, त्वरित निर्णय क्षमता, संकट प्रबंधन कौशल, संवेदनशीलता, जनसंपर्क, संवाद क्षमता और विकासोन्मुख सोच को प्रमुख आधार बनाया गया। फेम इंडिया मैगजीन के प्रबंध संपादक अनिल सिंह ने बताया कि ऐसे सर्वेक्षण अधिकारियों के बीच सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देते हैं, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी बनती है तथा आम जनता को सीधा लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण में जनता की राय, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न पक्षों के सुझावों को भी शामिल किया गया।
उत्तर प्रदेश से चयनित आठ जिलाधिकारियों में आजमगढ़ के रविन्द्र कुमार के अलावा सत्येंद्र कुमार, विशाख जी अय्यर, विजय कुमार सिंह, अंजनी कुमार सिंह, अस्मिता लाल, अविनाश सिंह और राजेंद्र पेंसिया शामिल हैं।
जनपद आजमगढ़ में प्रशासनिक सुधार, जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नवाचार आधारित पहल, जनसुनवाई की मजबूत व्यवस्था तथा विकास कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग के कारण जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की कार्यशैली को व्यापक सराहना मिल रही है। इसे जनपद प्रशासन की पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित कार्यसंस्कृति का महत्वपूर्ण प्रमाण माना जा रहा है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment