.

आजमगढ़: OLX पर मोबाइल खरीदने के नाम पर ठगे गए ₹3,500 पीड़ित को वापस मिले


साइबर क्राइम थाना की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच से धनराशि रिफंड; पुलिस ने लोगों को किया सतर्क

आजमगढ़ : जनपद में OLX पर मोबाइल खरीदने के नाम पर हुई साइबर ठगी के मामले में साइबर क्राइम थाना की सक्रियता से पीड़ित को राहत मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ₹3,500 की धनराशि वापस कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृष्ण कुमार पुत्र अनिल प्रजापति, निवासी ग्राम सुखमंगल नगर, थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़ ने OLX पर पुराने मोबाइल का विज्ञापन देखकर विक्रेता से संपर्क किया। विक्रेता ने भरोसा दिला कर मोबाइल भेजने के नाम पर अग्रिम भुगतान की मांग की। पीड़ित ने दिए गए क्यूआर कोड पर ₹3,500 भेज दिए, लेकिन इसके बाद न तो मोबाइल मिला और न ही विक्रेता से संपर्क हो सका। आरोपी ने नंबर ब्लॉक कर दिया।
इस संबंध में पीड़ित द्वारा साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलते ही साइबर क्राइम थाना की टीम ने मामले की जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संबंधित खाते की जांच करते हुए समन्वय स्थापित कर पूरी धनराशि वापस करा दी। पुलिस के अनुसार, ठग OLX जैसे प्लेटफॉर्म पर आकर्षक विज्ञापन डालकर सस्ते दाम में सामान बेचने का झांसा देते हैं। इसके बाद क्यूआर कोड या UPI के माध्यम से अग्रिम भुगतान लेकर संपर्क समाप्त कर देते हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अनजान व्यक्ति को ऑनलाइन एडवांस भुगतान न करें, डील हमेशा आमने-सामने करने का प्रयास करें, क्यूआर कोड स्कैन करने से पहले पूरी तरह सत्यापन करें, लुभावने और अत्यधिक सस्ते ऑफर से सावधान रहें, साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या
cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने आजमगढ़ पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रजत सिंह, कांस्टेबल संजय कुमार, कांस्टेबल विकास कुमार शामिल थे। पुलिस ने दोहराया कि समय पर शिकायत करने से साइबर ठगी के मामलों में धनराशि वापस कराना संभव हो पाता है, इसलिए किसी भी घटना में तत्काल सूचना देना जरूरी है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment