12वीं में शुभम चौहान व 10वीं में शिवम चौहान बने टॉपर, अधिकांश छात्रों ने 89% से अधिक अंक पाए
आजमगढ़। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) द्वारा गुरुवार को घोषित आईसीएसई (कक्षा 10) एवं आईएससी (कक्षा 12) के परीक्षा परिणाम में साईं इंटरनेशनल स्कूल, पूरा पांडे (भदुली) के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे पूरे परिसर में खुशी का माहौल बना रहा। आईएससी (कक्षा 12) में शुभम चौहान ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं तेजस्विनी पांडे 91 प्रतिशत के साथ द्वितीय और आदर्श 88 प्रतिशत अंक पाकर तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार आईसीएसई (कक्षा 10) में शिवम चौहान ने 94 प्रतिशत अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। पार्थ राय ने 91.2 प्रतिशत अंक लेकर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि भार्गव तिवारी 90.2 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहे। सौरभ यादव ने भी 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में योगदान दिया। विद्यालय के अधिकांश छात्रों ने 89 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय के प्रबंधक श्री शशांक तिवारी ने सभी सफल विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके अभिभावकों के प्रति आभार जताया। प्रधानाचार्य श्री अरुण कुमार सिंह ने छात्रों की मेहनत की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपप्रधानाचार्या श्रीमती सरोज यादव ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय में जश्न का माहौल रहा और विद्यार्थियों की इस सफलता पर शिक्षकों व अभिभावकों ने खुशी जताई।
Blogger Comment
Facebook Comment