एक कार्यक्रम के दौरान फायरिंग की घटना में शामिल थे, एक अन्य की तलाश जारी
आजमगढ़: जनपद के थाना दीदारगंज क्षेत्र में गोली मारकर हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल, जिंदा कारतूस व खोखा भी बरामद किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता साफ नजर आई है। पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को वादी छोटेलाल गुप्ता पुत्र स्वर्गीय वशी गुप्ता निवासी ग्राम डीह कैथौली थाना दीदारगंज जनपद आजमगढ़ ने तहरीर देकर बताया था कि गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आक्रोश गुप्ता ने पिस्टल से फायर कर उनके नाती सत्यम गुप्ता को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में थाना दीदारगंज पर मु0अ0सं0 74/26 धारा 109(1), 61(2) बीएनएस व 3/25/30A आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान घटना में अन्य अभियुक्तों के रूप में ऋषिकेश मिश्रा व सूरज गुप्ता का नाम भी सामने आया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। इसी क्रम में 30 अप्रैल 2026 को वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आक्रोश गुप्ता पुत्र सुरेश गुप्ता निवासी ग्राम डीह कैथौली थाना दीदारगंज जनपद आजमगढ़ (उम्र करीब 19 वर्ष) को सुबह करीब 7:30 बजे शेखवलिया मोड़ से तथा ऋषिकेश मिश्रा पुत्र स्वर्गीय वंशराज मिश्रा निवासी ग्राम नन्दाव थाना सरायमीर जनपद आजमगढ़ (उम्र करीब 45 वर्ष) को करीब 11:04 बजे सिसवारा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त आक्रोश गुप्ता की निशानदेही पर ग्राम डीह कैथौली नहर के पास झाड़ियों से एक अदद लाइसेंसी पिस्टल .32 बोर, दो जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, मामले में अन्य नामजद अभियुक्त सूरज गुप्ता की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस पूरी कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल रामदीन तथा कांस्टेबल विरेन्द्र कुमार सरोज की प्रमुख भूमिका रही।
Blogger Comment
Facebook Comment