स्वच्छता अपनाने और जल जमाव रोकने का दिया संदेश, जनपदवासियों से सहयोग की अपील
आजमगढ़: विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत बुधवार को विकास भवन से जागरूकता रैली निकालकर अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया और लोगों को स्वच्छता अपनाने व संचारी रोगों से बचाव का संदेश दिया। नर्सिंग छात्राओं के नेतृत्व में निकली रैली शहर के प्रमुख मार्गों—जीजीआईसी स्कूल, रैदोपुर, काली जी का चौराहा और एलवल होते हुए महिला चिकित्सालय पहुंचकर सम्पन्न हुई। रैली के दौरान छात्राओं ने “स्वस्थ व्यवहार अपनाना है, संचारी रोगों को हराना है” जैसे नारों के जरिए लोगों को जागरूक किया। यातायात पुलिस द्वारा पूरे मार्ग पर सुचारु व्यवस्था बनाए रखी गई।रैली के साथ प्रचार वाहन, एंबुलेंस सेवा और नगरपालिका का कूड़ा वाहन भी शामिल रहा, जिससे आमजन को स्वच्छता और रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्राओं को संचारी रोगों की रोकथाम एवं स्वच्छता अपनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि यह अभियान अंतर्विभागीय समन्वय से संचालित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। नगर निकाय द्वारा साफ-सफाई व फॉगिंग, पंचायती राज विभाग द्वारा ग्रामीण स्वच्छता, शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में जागरूकता तथा बाल विकास विभाग द्वारा मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने बताया कि अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया व दिमागी बुखार से बचाव की जानकारी दे रही हैं। रैली में डिप्टी सीएमओ डॉ. अविनाश झा, जिला विकास अधिकारी संजय सिंह, एडिशनल सीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अब्दुल अजीज, जिला पंचायत राज अधिकारी, ईओ नगरपालिका, जिला मलेरिया अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी व स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। सीडीओ ने जनपदवासियों से अपील की कि स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं, जल जमाव न होने दें और बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं।
Blogger Comment
Facebook Comment