मुबारकपुर क्षेत्र में हुए गोवध कांड का पर्दाफाश हुआ
आजमगढ़: मुबारकपुर थाना क्षेत्र में गोवध कांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपितों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस व फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार बम्हौर गांव निवासी उषा देवी ने 21 मार्च को तहरीर देकर बताया था कि उनके आम के बाग से अज्ञात लोग बछड़ा चोरी कर ले गए और उसका वध कर मांस वहीं फेंक दिया। इस पर मुबारकपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। साक्ष्य जुटाने पर गांव के ही इमरान पुत्र मुमताज (28) व कासिद पुत्र फरियाद (21) का नाम सामने आया। शनिवार की देर रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी सूचना मिली कि दोनों आरोपित बाइक से समोधी की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने गजहड़ा स्थित बावन बीघा मैदान के पास घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित भागने लगे। पीछा करने पर बाइक गिर गई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपितों के पैर में गोली लग गई। मौके पर ही उन्हें दबोच लिया गया। दोनों को सीएचसी मुबारकपुर में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित दिन में पशुओं की रेकी करते थे और रात में चोरी कर सुनसान स्थानों पर गोवध करते थे। प्रतिबंधित मांस को 400 से 500 रुपये प्रति किलो बेचते थे। पहचान छिपाने के लिए चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने आरोपितों के पास से दो तमंचे (.315 बोर), दो जिंदा व दो खोखा कारतूस तथा एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, बीएनएस व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Blogger Comment
Facebook Comment