शासन को भेजा गया 05 करोड़ की परियोजना का प्रस्ताव, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
आजमगढ़: जनपद के पौराणिक एवं धार्मिक महत्व के चन्द्रमा ऋषि आश्रम, सिलनी को पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित करने की दिशा में पहल की गई है। यहां महर्षि वाल्मीकि ईको पार्क के निर्माण के लिए करीब पांच करोड़ रुपये की परियोजना का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने इसके लिए विशेष पहल की है। उनके अनुसार इस परियोजना को उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा ईको टूरिज्म योजना के तहत तैयार किया गया है। परियोजना की डीपीआर नामित आर्किटेक्ट एवीएफ क्रिएटिव कंसल्टेन्सी लिमिटेड ने तैयार की है। इसका अप्रेजल 12 मार्च को शासन स्तर पर किया गया। प्रस्तावित ईको पार्क में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। इसके तहत गजीबो, व्यूइंग डेक, ईको कॉटेज, कैफेटेरिया, पर्यटन सूचना केंद्र, भव्य प्रवेश द्वार, चन्द्रमा ऋषि और महर्षि वाल्मीकि के जीवन वृत्त पर आधारित म्यूरल्स वाल, सोलर लाइट, मेडिटेशन व योगा सेंटर, आरती स्थल, बच्चों के लिए प्ले एरिया और आकर्षक पाथवे सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। जिलाधिकारी ने बताया कि इस परियोजना के क्रियान्वयन से चन्द्रमा ऋषि आश्रम क्षेत्र को प्रमुख आध्यात्मिक व ईको-टूरिज्म स्थल के रूप में विकसित किया जा सकेगा। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
Blogger Comment
Facebook Comment