छिनैती की वारदात का खुलासा, अवैध असलहा व लूटी गई चैन बरामद
आजमगढ़, 30 मार्च। कन्धरापुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो शातिर बदमाश घायल हो गए, जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व लूटी गई चैन बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में कन्धरापुर पुलिस को यह सफलता मिली। बताया गया कि 26 मार्च को भंवरनाथ मंदिर क्षेत्र में एक महिला से सोने की चैन छिनैती की घटना हुई थी, जिसके संबंध में थाना कन्धरापुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अन्तर्जनपदीय गिरोह के सदस्य हैं, जो आजमगढ़ व आसपास के जनपदों में चोरी, लूट व छिनैती की वारदातों को अंजाम देते रहे हैं। सोमवार देर रात प्रभारी निरीक्षक अनुराग कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि संदिग्ध बदमाश मोटरसाइकिल से किशुनदासपुर से कम्हेनपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने चन्द्रमा ऋषि आश्रम के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। कुछ ही देर में संदिग्ध बाइक सवार आते दिखे। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे, लेकिन बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने झाड़ियों की आड़ लेकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए। घायलों को करीब 2:10 बजे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया। पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि वे अपने फरार साथी छोटू सिंह के साथ मिलकर विभिन्न जनपदों में छिनैती और लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने 26 मार्च को भंवरनाथ क्षेत्र में महिला से चैन छीनने की बात भी स्वीकार की। गिरफ्तार अभियुक्तों में शिवम साहनी उर्फ अनुराग पुत्र संजय साहनी, निवासी राहुल नगर मडया, थाना कोतवाली (बाएं पैर में गोली लगी) और राज निषाद पुत्र हरिनाम निषाद, निवासी राहुल नगर मडया, थाना कोतवाली, आजमगढ़ (दाहिने पैर में गोली) फरार अभियुक्त छोटू सिंह पुत्र इन्द्रजीत, निवासी जनपद गाजीपुर, हाल पता कटघर थाना सिधारी, आजमगढ़ है पुलिस ने उनके पास से 02 अवैध देशी तमंचा (.315 बोर), 02 मिस कारतूस व 02 खोखा कारतूस ,स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP 50 CR 5517) और पीली धातु की चैन बरामद किया है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुराग कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक नरेन्द्र विक्रम सिंह, अखिलेश कुमार यादव सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
Blogger Comment
Facebook Comment