.

आजमगढ़: जिला अस्पताल में बुजुर्ग महिला, उसके पुत्र से मारपीट मामले की जांच के आदेश


सीएमओ ने गठित की समिति,एक पूर्व सैनिक सुरक्षा गार्ड को हटाने के निर्देश दिए

आजमगढ़: सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के माध्यम से मंडलीय जिला चिकित्सालय, आजमगढ़ में एक वृद्ध महिला मरीज एवं उसके परिजनों के साथ कथित दुर्व्यवहार की सूचना संज्ञान में आने के बाद मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. एन. आर. वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ एन आर वर्मा ने बताया कि प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार यह घटना जिला चिकित्सालय के कक्ष संख्या–26 में उपचार हेतु आयी एक वृद्ध महिला मरीज से संबंधित है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण की निष्पक्ष जांच हेतु प्रमुख अधीक्षक, मंडलीय जिला चिकित्सालय द्वारा समिति गठित कर जांच करायी जा रही है। इसी क्रम में अस्पताल परिसर में तैनात सुरक्षा गार्ड केदार सिंह (पूर्व सैनिक) पर ड्यूटी के दौरान कथित रूप से अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप सामने आने पर जांच पूर्ण होने तक उन्हें तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटा दिया गया है तथा उनके स्थान पर अन्य सुरक्षा कर्मी की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. वर्मा ने स्पष्ट किया कि मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ सम्मानजनक व्यवहार स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा दुर्व्यवहार की पुष्टि होती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि शासन एवं उच्चाधिकारियों को प्रकरण की सूचना प्रेषित कर दी गयी है तथा जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग आमजन को शासन की मंशानरूप गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment