.

आजमगढ़: तीन मुठभेड़ों में हत्या के प्रयास, लूट और गोवध कांड के 3 शातिर घायल, गिरफ्तार


तरवां, नगर कोतवाली और गंभीरपुर में हुई मुठभेड़,तीनों के पैर में लगी गोली, तमंचा, कारतूस, चोरी का सामान व वाहन बरामद

आजमगढ़: जनपद में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई तीन मुठभेड़ों में हत्या के प्रयास, लूट और गोवध कांड में वांछित तीन शातिर अपराधियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों ही मामलों में बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगी।
पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा, जिन्दा व खोखा कारतूस, चोरी का सामान और वाहन बरामद किए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
तरवां: हत्या के प्रयास का आरोपी मुठभेड़ में दबोचा
थाना तरवां क्षेत्र में पूर्व रंजिश में टैम्पू चालक पर फायरिंग करने वाला अभियुक्त रमेश यादव उर्फ अनार यादव पुत्र सदन यादव, निवासी सिंहपुर, थाना तरवां, जनपद आजमगढ़ पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। वह घटना के बाद से फरार चल रहा था। चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश में उसने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद हुई।
कोतवाली नगर: लूटकांड का शातिर बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
शिवाजी नगर में मारपीट कर बैग, लैपटॉप और मोबाइल लूटने वाले अंतर्जनपदीय अपराधी धर्मेन्द्र सिंह उर्फ अभिषेक सिंह पुत्र अशोक सिंह, निवासी ग्राम चकलालचन, थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़ को पुलिस ने मुठभेड़ में दबोच लिया।
मोहती घाट क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके पास से चोरी का सामान, तमंचा और बाइक बरामद की।
गंभीरपुर: गोवध कांड का वांछित अभियुक्त मुठभेड़ में गिरफ्तार
थाना गंभीरपुर क्षेत्र में प्रतिबंधित पशुओं के वध और मांस तस्करी में शामिल वांछित अभियुक्त शादाब अहमद पुत्र स्व0 अब्दुल रज्जाक, निवासी कमरावा, थाना गंभीरपुर, जनपद आजमगढ़ को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया।
घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर संगठित रूप से प्रतिबंधित मांस की तस्करी करने की बात कबूल की है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका, तीनों ही मुठभेड़ों में संबंधित थानों की पुलिस टीमों ने साहस, सतर्कता और तत्परता का परिचय देते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई की सराहना की है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment