.

आजमगढ़: मिनी कंटेनर से 354 किलो गांजा बरामद, अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार


1.20 करोड़ का गांजा बरामद, एसटीएफ और गंभीरपुर पुलिस ने पकड़ा

आजमगढ़: एसटीएफ लखनऊ और गम्भीरपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिनी कंटेनर से करीब 353.990 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत लगभग 1.20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ से मिनी कंटेनर ट्रक में भारी मात्रा में गांजा लाकर आजमगढ़ की ओर सप्लाई किया जा रहा है। सूचना पर एसटीएफ टीम और गम्भीरपुर पुलिस ने अमौड़ा टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान ट्रक संख्या UP-79 AT-9418 को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें प्लास्टिक की गुप्त कैविटी में छिपाकर रखी गई 14 बोरियों में 353.990 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने ट्रक चालक राजीव कुमार यादव (38) निवासी ग्राम सुरैंदा फूलपुर थाना अजीतमल जनपद औरैया को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक मोबाइल फोन, 850 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मिनी कंटेनर भी बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह छत्तीसगढ़ के रायपुर और आसपास के क्षेत्रों से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment