सरायमीर पुलिस ने पकड़ा,आटो में बैठकर चेन चोरी करता था गैंग
आजमगढ़: सरायमीर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले महिलाओं के गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई महिलाओं के कब्जे से 2030 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ कार्रवाई कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, 18 फरवरी 2026 को निजामाबाद थाना क्षेत्र के खुटहना गांव निवासी जकिया पत्नी सैफ ने तहरीर देकर बताया था कि सरायमीर बाजार से लौटते समय आटो में उसके साथ बैठी पांच महिलाओं ने उसके गले की चेन चोरी कर ली। इस मामले में थाना सरायमीर में अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान प्रकाश में आई तीन महिलाओं—सीमा पत्नी राजन (निवासी अमदही, थाना जहानागंज), बानी देवी पत्नी ओमप्रकाश (निवासी गदेरी पट्टी चुनावा, थाना जीयनपुर) और पिंकी उर्फ चिरई पत्नी विशाल उर्फ अनिल (निवासी अमदही, थाना जहानागंज)—को बुधवार सुबह करीब 9:50 बजे पवईलाडपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्ताओं ने बताया कि वे लोग भीख मांगने के बहाने निकलती थीं और चेहरा ढककर आटो या ई-रिक्शा में महिलाओं के पास बैठ जाती थीं। मौका पाकर वे सोने-चांदी के आभूषण, पर्स और नकदी चोरी कर भीड़भाड़ वाले स्थान पर उतरकर फरार हो जाती थीं। इस संबंध में थाना सरायमीर में मु0अ0सं0 45/26 धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत है। गिरफ्तार सीमा और बानी देवी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, धोखाधड़ी व एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं, जिससे इनके आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने की पुष्टि होती है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक पंकज यादव, हेड कांस्टेबल रजनीश सिंह, कांस्टेबल मिथिलेश कुमार यादव व महिला कांस्टेबल संजू सिंह की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
Blogger Comment
Facebook Comment