.

आजमगढ़: 5 शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खुली, अब रहेगी कड़ी निगरानी


गंभीर अपराधों में लिप्त हैं सभी आरोपी,एसएपी ने मातहतों को दिए सख्त निर्देश

आजमगढ़ : जनपद में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए आजमगढ़ पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संस्तुति पर जिलाधिकारी द्वारा अनुमोदन के बाद पांच सक्रिय व शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी गई है। अब इन सभी अपराधियों की गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। पुलिस के अनुसार चिन्हित अपराधियों पर गैंगस्टर, डकैती, लूट, रंगदारी, चोरी, धोखाधड़ी और अवैध असलहा रखने जैसे संगीन आरोप पहले से दर्ज हैं। लंबे समय से सक्रिय रहने के कारण इन्हें हिस्ट्रीशीटर घोषित किया गया है।
कार्रवाई के तहत जनपद के विभिन्न थानों से जुड़े पांच अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है—
थाना सिधारी: हरिवंश गोपाल (हिस्ट्रीशीट नं. 75A)
थाना अहरौला: राजन (हिस्ट्रीशीट नं. 36B)
थाना अहरौला: शेरू यादव उर्फ भोलू यादव (हिस्ट्रीशीट नं. 35B)
थाना मुबारकपुर: बृजेश उर्फ मलिक (हिस्ट्रीशीट नं. 32B)
थाना जीयनपुर: राज उर्फ सवरिया (हिस्ट्रीशीट नं. 20A)
पुलिस की नजर में अब हर गतिविधि
हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद इन अपराधियों की दिनचर्या, संपर्क और गतिविधियों पर पुलिस नियमित निगरानी रखेगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि अभ्यस्त और सक्रिय अपराधियों की पहचान कर अभियान चलाते हुए उनकी हिस्ट्रीशीट खोली जाए और उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे जनपद में कानून-व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment