दीदारगंज पुलिस की मिली कामयाबी,वाहन चोरी और नकबजनी में सक्रिय था
आजमगढ़' जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दीदारगंज पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामिया गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और वाहन चोरी व नकबजनी की घटनाओं में सक्रिय था। पुलिस के मुताबिक, थाना दीदारगंज में 31 जनवरी 2026 को गिरोहबंद एवं समाज विरोधी गतिविधियों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि अभियुक्त संगठित गिरोह बनाकर वाहन चोरी और नकबजनी जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था। इसी मामले में वांछित जय कुमार गौतम पुत्र दलसिंगार निवासी ग्राम आमगांव थाना दीदारगंज पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। रविवार को पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त सुघरपुर तिराहे के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही अभियुक्त भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने अभियुक्त को करीब साढ़े आठ बजे हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ दीदारगंज व सिधारी थाने में वाहन चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश, उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह और हेड कांस्टेबल तेरसू यादव शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है।
Blogger Comment
Facebook Comment