लालगंज तहसील क्षेत्र में हुई छापामारी,भूसे के कमरे में रखे थे सिलेंडर, डीएम ने दी चेतावनी
आजमगढ़ : जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासनिक टीमों ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त जांच टीम द्वारा लालगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम श्रीकान्तपुर में छापेमारी के दौरान धीरेंद्र तिवारी के घर से भारी मात्रा में घरेलू व व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण पकड़ा गया। जिन्हें भूसे के कमरे में छिपा कर रखा गया था । मौके पर मौजूद व्यक्ति गैस सिलेंडरों के संबंध में कोई वैध अभिलेख या स्टॉक लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में सामने आया कि बिना लाइसेंस बड़ी संख्या में गैस सिलेंडरों का संग्रहण कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी की जा रही थी। अधिकारियों के अनुसार यह द्रवित पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश-2000 का स्पष्ट उल्लंघन है। साथ ही इतने बड़े स्तर पर सिलेंडरों का अवैध भंडारण किसी भी समय गंभीर हादसे का कारण बन सकता था। छापेमारी के दौरान टीम ने कुल 24 गैस सिलेंडर बरामद कर जब्त किए और आवश्यक कार्रवाई पूरी की। जांच में आरोपी द्वारा गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की पुष्टि होने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक द्वारा थाना देवगांव में आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने स्पष्ट कहा है कि जनपद में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या किसी भी प्रकार की अनियमितता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रशासनिक टीमें लगातार निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाती रहें, ताकि आम उपभोक्ताओं को गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
Blogger Comment
Facebook Comment