.

आजमगढ़: नौकरी दिलाने के नाम पर 12 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार


एम्स, रेलवे समेत विभिन्न सरकारी संस्थानों में नौकरी दिलाने का झांसा देता था

आजमगढ़: मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लोगों को एम्स, रेलवे समेत विभिन्न सरकारी संस्थानों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करता था। नौकरी का झांसा देकर ऐंठे 12 लाख रुपये।
पुलिस के अनुसार वादी ने थाने में तहरीर देकर बताया कि फूलेन्दर राम ने उसे भरोसे में लेकर कई किश्तों में करीब 12 लाख रुपये ले लिए। काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं दिलाई गई। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने न सिर्फ पैसे लौटाने से इनकार कर दिया, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में थाना मेहनाजपुर पर मुकदमा संख्या 116/2025 के तहत बीएनएस की धारा 316(2), 351(3) में केस दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मामले में धारा 336(3) और 338 बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।
मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया आरोपी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी लालगंज के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष मनीष पाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। चौकी प्रभारी लालगंज उपनिरीक्षक सुभाष तिवारी ने टीम के साथ बुधवार सुबह करीब 11:15 बजे आरोपी को उसके गांव बरेहता (थाना तरवां) के बाहर पक्की सड़क से दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुभाष तिवारी और कांस्टेबल कमलेश सरोज शामिल रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment