.

आजमगढ़: एसकेडी के खेल महोत्सव में सुनाई दी जोश, जुनून और जीत की गूंज






व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आपसी सौहार्द का सशक्त माध्यम है खेल - देवेंद्र सिंह

आजमगढ़: खेल भावना, ऊर्जा, अनुशासन और प्रतिभा का अद्भुत संगम बना जहानागंज स्थित एसकेडी विद्या मंदिर का प्रांगण, जहां विगत कई दिनों से चल रहा “इंटर स्कूल स्पोर्ट्स कार्निवाल 2026” बुधवार को भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों के उत्साह, जोश और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन ने सभी का मन मोह लिया। समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्य समिति सदस्य देवेन्द्र सिंह के कर कमलों द्वारा संपन्न हुआ। तीन दिवसीय इस खेल महोत्सव में एसकेडी इंटर कॉलेज एवं एसकेडी विद्या मंदिर की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और खेल के हर मैदान पर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। कबड्डी, वॉलीबॉल, 100 मीटर, 200 मीटर, 4×100 मीटर रिले रेस, खो-खो (बालक/बालिका वर्ग), ऊँची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक जैसी विविध प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने अद्वितीय प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वॉलीबॉल के अंडर-14 एवं अंडर-19 दोनों वर्गों में एसकेडी विद्या मंदिर ने शानदार विजय प्राप्त कर अपना दबदबा कायम रखा। कबड्डी अंडर-14 में भी एसकेडी विद्या मंदिर की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जीत दर्ज की। इन प्रतियोगिताओं में प्रतीक, आकाश, अनुज सहित अनेक खिलाड़ियों का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा।बालिका वर्ग की दौड़ प्रतियोगिताओं में 100 मीटर में शालू, नेहा, 200 मीटर में प्रिया, अनुष्का तथा 4×100 मीटर रिले रेस में प्रियांशू, प्रिया, अर्पिता, परिधि ने शानदार तालमेल और गति का परिचय देते हुए सभी का ध्यान आकर्षित किया। अन्य खेलों में भी विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में मुख्य अतिथि देवेन्द्र सिंह ने कहा, “एसकेडी के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी निरंतर नई ऊँचाइयों को छू रहे हैं। खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आपसी सौहार्द का सशक्त माध्यम है।” विद्यालय के संस्थापक विजय बहादुर सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को जीवन का अभिन्न अंग बताया। प्रधानाचार्य के.के. सरन ने आयोजन की सफलता हेतु सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर योगेश अस्थाना, शक्ति, अनिल, अनंत, संजय, रंजना, रूबी, नेहा सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे। यह स्पोर्ट्स कार्निवाल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, खेल भावना और टीम स्पिरिट का जीवंत उदाहरण बनकर स्मरणीय बन गया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment