.

आजमगढ़: डीएवी पीजी कॉलेज में वृहद रोजगार मेले का हुआ आयोजन



विभिन्न कंपनियों में 3000 युवाओं का हुआ चयन, डीएम ने वितरित किए नियुक्ति पत्र

आजमगढ़: जनपद में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविन्द्र कुमार, जिलाधिकारी आजमगढ़, की पहल पर डीएवी पीजी कॉलेज, आजमगढ़ में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। आयोजन क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, राजकीय आईटीआई एवं कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
जिलाधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों से 53 कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिनके माध्यम से 6000 से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री की अपेक्षा है कि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मिले, जिससे उनकी आय बढ़े और राज्य व देश के विकास में सहभागिता सुनिश्चित हो।
उन्होंने कहा कि नौकरी के साथ-साथ स्वरोजगार के इच्छुक युवाओं के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत जनपद में 3500 से अधिक युवाओं को चार वर्ष तक ब्याज-मुक्त, गारंटी-मुक्त ऋण उपलब्ध कराया गया है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी योजना एवं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के माध्यम से भी स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने रोजगार मेले में प्रतिभाग कर रही कंपनियों से अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार देने की अपील की तथा चयन प्रक्रिया की शर्तों की स्पष्ट जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि यदि आज चयन न हो, तो निराश न हों, आगे भी अवसर मिलेंगे। साथ ही 08 मार्च को लखनऊ में प्रस्तावित वृहद रोजगार मेले की जानकारी भी दी।
रोजगार मेले में एलएंडटी, विजन इंडिया, रमाया हेल्थ केयर, कृष्णा मारुति सहित 53 कंपनियों ने भाग लिया। 6000 रिक्तियों के सापेक्ष 90 हजार से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 3000 युवाओं का चयन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने चयनित युवाओं को प्रतिकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र वितरित किए तथा कंपनियों के स्टालों का निरीक्षण भी किया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment