एडीजी वाराणसी जोन ने किया पुलिस लाइन व कोतवाली का निरीक्षण
कानून-व्यवस्था की मजबूती के साथ जनविश्वास में वृद्धि की भी जरूरत- एडीजी जोन
आजमगढ़: अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया ने बुधवार को पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय एवं थाना नगर कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण करने के साथ शौर्य सभागार का उद्घाटन किया। इस अवसर पर डीआईजी सुनील कुमार सिंह, एसपी डा. अनिल कुमार आदि अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस लाइन निरीक्षण के उपरांत एडीजी ने समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर कई बिंदुओं पर निर्देश दिए। उन्होंने कहाकि लंबित विवेचनाओं का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही, साइबर अपराधों की रोकथाम एवं तकनीकी सुदृढ़ता, संगठित अपराध एवं गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी व कानून-व्यवस्था की सुदृढ़ता के साथ जनविश्वास में वृद्धि लाने की भी जरूरत है। इस दौरान एडीजी, डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा जनसुनवाई की गई। फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया और उसके बाद संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। इससे पहले एडीजी द्वारा पुलिस लाइन में परेड की सलामी ली गई। टोलीवार परेड का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया तथा जवानों का अनुशासन एवं टर्नआउट, शस्त्र संचालन की दक्षता, मार्च-पास्ट की एकरूपता एवं समन्वय, कमांड एवं नियंत्रण प्रणाली, प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर ध्यान दिया गया। एडीजी द्वारा परेड की सराहना करते हुए बल को उच्च स्तरीय अनुशासन बनाए रखने एवं नियमित प्रशिक्षण पर विशेष बल देने के निर्देश दिए गए। परेड निरीक्षण के उपरांत पुलिस लाइन परिसर में नव-निर्मित शौर्य सभागार का उद्घाटन किया। इस सभागार में लगभग 700 से अधिक व्यक्तियों की बैठने की क्षमता, आधुनिक ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था, विभागीय गोष्ठियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं आधिकारिक बैठकों की व्यवस्था के अलावा पुलिस कर्मियों के सामूहिक संवाद एवं प्रेरणा हेतु व्यवस्था होगी। एडीजी ने इसे पुलिस प्रशासन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उसके बाद निर्माणाधीन भवन, आरटीसी बैरक, पुलिस स्टोर, मेस एवं सैलून, जीडी कार्यालय, गणना कार्यालय, डायल-112 कार्यालय, डीसीआर, एमटी शाखा, कम्प्यूटर लैब, नन्हे सितारे कॉरिडोर आदि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, अभिलेखों का रखरखाव, शस्त्र एवं संसाधनों का संधारण, वाहनों की स्थिति तथा कार्यालयीन कार्यप्रणाली की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस कार्यालय में पत्र व्यवहार शाखा, आंकिक शाखा, डीसीआरबी, एलआईयू, महिला प्रकोष्ठ, जन शिकायत प्रकोष्ठ, फील्ड यूनिट, विशेष जांच प्रकोष्ठ का निरीक्षण कर अभिलेखों के अद्यतन संधारण, डिजिटलीकरण की प्रगति एवं कार्यों की पारदर्शिता पर विशेष बल दिया। नगर कोतवाली में थाना कार्यालय, मालखाना, बैरक, मेस, शौचालय, मिशन शक्ति कार्यालय, अभिलेख का परीक्षण किया। मालखाने में जब्त माल की सुरक्षित प्रविष्टि, लंबित माल के निस्तारण तथा महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशील व त्वरित कार्रवाई हेतु निर्देश दिए गए। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, प्रशिक्षणाधीन एएसपी प्रेमसुख दरिया, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी आदि उपस्थित रहे। निरीक्षण के समापन पर एडीजी द्वारा जनपद पुलिस के कार्यों की सराहना करते हुए अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की मजबूती, पारदर्शी कार्यप्रणाली एवं जनविश्वास को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु निरंतर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
Blogger Comment
Facebook Comment