आजमगढ़: 26 फरवरी 2026:आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आजमगढ़ पुलिस ने जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध विशेष सघन अभियान चलाया। अभियान के तहत 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए 255 लीटर अवैध शराब बरामद की गई और 58 व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की गई। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में यह अभियान संचालित किया गया। होली पर्व के मद्देनज़र अवैध एवं जहरीली शराब की रोकथाम के लिए जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में भट्ठों एवं संभावित स्थानों पर सघन चेकिंग और दबिश दी गई। पुलिस के अनुसार दिनांक 25 फरवरी 2026 को 24 घंटे के भीतर जनपद भर में कुल 159 स्थानों पर चेकिंग एवं दबिश की गई, जिसमें 58 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनके कब्जे से लगभग 255 लीटर अवैध कच्ची/देशी शराब बरामद की गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध जहरीली शराब के निष्कर्षण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के अंतर्गत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आजमगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि होली पर्व को शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
Blogger Comment
Facebook Comment