एक को लगी गोली,दो फरार हुए, नशीला लड्डू खिलाकर देते थे वारदात को अंजाम
आजमगढ़: जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय जहरखुरानी-नकबजनी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस कार्रवाई में एक अभियुक्त गोली लगने से घायल हुआ, जबकि दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी का सामान भी बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्तो ने ही 5 दिन पूर्व भवानीपट्टी में लड्डू में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया था और झपटमारी कर महिला के आभूषण लूट लिए थे। बुधवार रात को थाना कप्तानगंज पुलिस संदिग्ध व्यक्ति व वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जहरखुरानी, झपट्टामारी और नकबजनी की घटनाओं में शामिल अभियुक्त गौरा पुलिया के पास किसी बड़ी वारदात की फिराक में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में अमन निषाद पुत्र हनुमान निषाद, निवासी डाही शम्भूपुर थाना अहरौला के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके से आनंद उर्फ बाबी पुत्र हनुमान निषाद तथा अमन निषाद पुत्र दशमी निषाद को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
Blogger Comment
Facebook Comment