.

आजमगढ़: वरिष्ठ पत्रकार चंद्रप्रकाश उपाध्याय को पितृशोक


द प्रेस क्लब ने शोक सभा कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि

आजमगढ़: जिले में हिन्दुस्तान समाचार पत्र के वरिष्ठ पत्रकार एवं आजमगढ़ ब्यूरो प्रभारी चंद्रप्रकाश उपाध्याय के पिता 75 वर्षीय अमरनाथ उपाध्याय का सोमवार की देर शाम लगभग साढ़े सात बजे वाराणसी स्थित बीएचयू के सर सुंदरलाल चिकित्सालय में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई।गाजीपुर जिले के सब्बलपुर खुर्द निवासी अमरनाथ उपाध्याय लंबे समय से हृदय रोग की जटिल बीमारी से पीड़ित थे। वे माध्यमिक शिक्षा विभाग में सेवाएं दे चुके थे और मिर्जापुर जनपद के विंध्याचल क्षेत्र में करीब 30 वर्षों तक कार्यरत रहे। वर्ष 2010 में सेवानिवृत्ति के बाद वे अपने पैतृक गांव में रह रहे थे। स्वर्गीय अमरनाथ उपाध्याय अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र, तीन पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वे सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते थे और विशेष रूप से गरीब तबके की बेटियों के विवाह में सहयोग के लिए जाने जाते थे। उनका अंतिम संस्कार वाराणसी के हरिश्चंद्र घाट पर किया गया, जहां उनके पुत्र चंद्रप्रकाश उपाध्याय ने उन्हें मुखाग्नि दी।
वरिष्ठ पत्रकार के पिताजी के निधन की खबर से जिले के पत्रकारों में गहरा शोक व्याप्त है। इसी क्रम में बुधवार को कुंवर सिंह उद्यान में द प्रेस क्लब की ओर से शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोक सभा में द प्रेस क्लब के सचिव रवि सिंह, कोषाध्यक्ष ओम अग्रवाल, देवव्रत श्रीवास्तव , अनिल मिश्रा, विवेक गुप्ता, मोहम्मद असलम, ज्ञानेंद्र कुमार, हीरू, उदयराज शर्मा, शीबू, शीतला त्रिपाठी, अखिलेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment