दक्षिण-पूर्व बाईपास के निर्माण पर ₹1279 करोड़ होंगे खर्च,शहर के ट्रैफिक में मिलेगी राहत
आजमगढ़: शहर के लिए बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बड़ी राहत की खबर आई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज़मगढ़ में 15 किलोमीटर लंबे 4-लेन दक्षिण-पूर्व बाईपास के निर्माण को मंज़ूरी दे दी है। उन्होंने खुद पोस्ट कर जानकारी साझा की है। इस परियोजना पर कुल ₹1279.13 करोड़ की लागत आएगी। इस बाईपास परियोजना में 1 फ्लाईओवर, 2 इंटरचेंज, सर्विस रोड और दोनों ओर स्लिप रोड का निर्माण किया जाएगा। यह बाईपास एक निरंतर रिंग रोड के रूप में विकसित होगा, जो आज़मगढ़ के क्षेत्रीय सड़क नेटवर्क में एक अहम कड़ी जोड़ेगा। बाईपास के पश्चिमी हिस्से को राष्ट्रीय राजमार्ग-28 से जोड़ा जाएगा, जबकि पूर्वी हिस्से से यह राष्ट्रीय राजमार्ग-128B और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। इससे बिना रुकावट आवागमन संभव होगा और लंबी दूरी के वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश नहीं करना पड़ेगा। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्रीय ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा। खासकर आज़मगढ़ शहर के भीतर लगने वाले जाम और भीड़भाड़ से लोगों को राहत मिलेगी। व्यापार, परिवहन और स्थानीय विकास को भी इससे नई गति मिलने की उम्मीद है।
Blogger Comment
Facebook Comment