मुख्यमंत्री ने मंडल के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों के साथ की विकास कार्यों पर समीक्षा बैठक
आजमगढ़: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को आजमगढ़ पहुंचे। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने आजमगढ़, मऊ और बलिया के जनप्रतिनिधियों तथा मंडलीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में भाजपा सरकार के मंत्री, संगठन पदाधिकारी और जिले के प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री की बैठक में शामिल ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने बताया कि बैठक में आजमगढ़ मंडल के संगठन पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई। साथ ही मुख्यमंत्री ने SIR की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिया कि मतदाता सूची से किसी भी मतदाता का नाम छूटने न पाए। जिन मतदाताओं के नाम छूट गए हैं, उनकी जांच कर उन्हें सूची में अवश्य जोड़ा जाए। उन्होंने बताया कि बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। वहीं आजमगढ़ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समीक्षा बैठक में शामिल होने पहुंचे सुभासपा से विधायक अरविंद राजभर ने कहा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बैठक सम्पन्न हुई, सीएम ने निर्देश दिया कि SIR प्रक्रिया के अंतर्गत फर्जी मतदाता हटाकर सूची में सही मतदाता का नाम जोड़ा जाए। इसके साथ ही सपा पर पलटवार करते हुए राजभर ने कहा सपा के लोगों का SIR प्रक्रिया पर आरोप लगाना बेबुनियाद है। सभी पार्टियों को चुनाव आयोग का सहयोग कर SIR को पूर्ण कराना चाहिए। वहीं बलिया से समीक्षा बैठक में शामिल होने पहुंची विधायक केतकी सिंह ने भी विकास कार्यों पर चर्चा किए जाने की बात कही है। मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में सरकार के मंत्री ए के शर्मा, दारा सिंह चौहान राज्य मंत्री दानिश अंसारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment