प्राचीन शिव मंदिरों में भोर से ही जलाभिषेक को पहुंचने लगे श्रद्धालु, शाम तक लगा रहा तांता
आजमगढ़: सावन के पहले सोमवार को शिव मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शिव मंदिर भक्तों की भीड़ से गुलजार रहे और हर हर महादेव के जयकारे लगते रहे। प्राचीन शिव मंदिरों में भोर से शाम तक भक्तों का जलाभिषेक के लिए तांता लगा रहा। वहीं बाहर खिलौने गुब्बारे के साथ चाट-चाऊमीन और श्रृंगार सामग्री के साथ चोटहिया जलेबी की दुकानें सजी रहीं। भीड़ के बीच लोगों ने अपने हिसाब से शिव की आराधना की। शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में बाबा भंवरनाथ, बउरहवा बाबा के दर्शन को सर्वाधिक भीड़ देखी गई। निजामाबाद में महादेव घाट, शिवालय घाट, दत्तात्रेय धाम स्थित मंदिरों में ज्यादा भीड़ के कारण सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस तैनात थी। अतरौलिया क्षेत्र के चिश्तीपुर स्थित कैलेश्वर धाम हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा। भोर से ही भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। जहानागंज में मवेशीखाना, पातालपुरी एवं कोल्हूनाथ शेरपुर कुटी सहित सभी प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं में शिव का जलाभिषेक किया। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। रानी की सराय में अवंतिकापुरी आवंक में मेला लगा रहा। कांवरियों ने भी जलाभिषेक किया। इसके अलावा रानी पोखरा शिव मंदिर, जलनिगम, निजामाबाद मोड़ समेत सभी मंदिरों में श्रद्वालुओं की कतार लगी रही। आवंक में समिति द्वारा कावरियों के लिए लंगर की व्यवस्था रही। मेंहनगर के गौरा गांव स्थित प्रसिद्ध महामंडलेश्वर धाम, लखरांव पोखरा, निरंजन कुटी, खाकी बाबा व हरिवंश नगर स्थित गौरी शंकर मंदिर में भारी भीड़ रही। सौ कांवरियों का जत्था भी बाबा धाम के लिए रवाना हुआ। लालगंज प्रतिनिधि में घमरिया पातालपुरी महादेव मंदिर, पशुपतिनाथ शिव मन्दिर, रटेश्वर महादेव मन्दिर सहित क्षेत्र के सभी छोटे-बड़े मंदिरों में भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजन किया।
Blogger Comment
Facebook Comment