मौके पर जुटे भाजपाइयों ने किया विरोध, जिलाध्यक्ष ने एसडीएम सदर को बताया जिम्मेदार
आजमगढ़ : जिले में कल दिन भर भाजपा नेता और एसडीएम सदर के बीच ही नोंकझोंक की चर्चा होती रही वहां देर शाम भाजपा खेमे में इस समय हड़कंप मच गया जब युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष के घर पर राजस्व टीम नापी की नोटिस ले कर धमक पड़ी। बुधवार की शाम को नीबी बेलइसा में भाजयुमो के जिलाध्यक्ष निखिल राय के एक घर को गिराने के लिए राजस्व विभाग की टीम पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गई। इसके बाद भाजपाई भी मौके पर पहुंच गए। भाजपा के जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह समेत अन्य वरिष्ठ नेता पहुंच गए। राजस्व विभाग का कहना था कि घर को ग्राम समाज की भूमि पर बनाया गया है जबकि भाजपा के लोगों का कहना था कि निखिल राय की भूमिधरी पर ही मकान बना है। इसी को लेकर विवाद हो रहा था। जिला अध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने बताया कि दिन में भी इसको लेकर बात हुई थी। डीएम से कहा था लेकिन इसके बाद भी शाम को एसडीएम सदर के कहने पर मौके पर नायब तहसीलदार फोर्स के साथ पहुंच गए। इसकी जानकारी भाजपा के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी को प्रदेश स्तर से लेकर क्षेत्रीय स्तर पर दे दी गई है और उच्च अधिकारियों से भी इसकी शिकायत की गई है। इससे पहले बुधवार को दिन में भी युवा मोर्चा ने सदर एसडीएम के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया था। भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सिंह के नेतृत्व में युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष निखिल राय के साथ बीजेपी कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रशासन के रवैये पर सवाल खड़े किए। प्रदर्शन के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष निखिल राय ने अपना शर्ट निकालकर अनोखे अंदाज़ में विरोध जताया। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि सदर एसडीएम ने न सिर्फ कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया, बल्कि उन्हें धमकी भी दी। निखिल राय ने बताया कि मैं एसडीएम की कार्य शैली को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लिख दिया जिससे इन्होंने व्यक्तिगत रंजिश मानते हुए मेरे खिलाफ मेरे नीबी स्थिति युवा मोर्चा के कार्यालय पर अधिकारियों को भेज कर मानसिक दबाव बना रहे थे।
Blogger Comment
Facebook Comment