.

आजमगढ़: शादी से इंकार पर भड़का प्रेमी,लड़की व उसकी मां को मारा चाकू


कप्तानगंज क्षेत्र की घटना, लोगों ने युवक को जमकर पीटा,तीनों अस्पताल में भर्ती

मई 2024 में दोनों की हो चुकी थी सगाई

आजमगढ़: जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की सुबह एक युवक ने एक युवती और उसकी मां पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में मां और बेटी बुरी तरह से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने युवक को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के अनुसार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के निवासी एक शख्स लुधियाना रहता था। वहीं पर उसकी छोटी बेटी भी उसके साथ रहकर पढ़ाई करती थी। पढ़ाई के दौरान ही उसका राजस्थान के गंगानगर निवासी राबिन सिंह से प्रेम प्रसंग हो गया। परिवार की सहमति से लगभग दो साल पूर्व दोनों की सगाई हो गई। सगाई के बाद किसी बात से नाराज होकर लड़की ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद उसका पूरा परिवार अपने गांव अलऊवा आ गया। यह बात राबिन को नागवार गुजरी। पहले उसने लुधियाना में रहने वाली लड़की की बहन की पिटाई की। इसके बाद वह सीधे कप्तानगंज आ गया। लड़की के मामा ने बताया कि वह तीन दिन से बाजार में घूम रहा था। इस बात की जानकारी युवती को थी लेकिन, इसकी भनक किसी और को नहीं लगी। शनिवार की सुबह वह अचानक घर में घुसा और चाकू से युवती पर हमला कर दिया। उसे बचाने आई उसकी मां को भी उसने चाकू मारकर घायल कर दिया। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। इस संबंध में एसपी ग्रामीण ने बताया कि शनिवार को थाने पर सूचना मिली कि दो महिलाओं को चाकू मारकर घायल कर दिया गया। सीओ के साथ पुलिस बल मौके पर पहुंची। जांच में यह बात सामने आई की दोनों एक दूसरे को पहले से जानते थे। मई 2024 में ही दोनों की सगाई भी हुई थी। लड़की आगे पढ़ना चाहती थी। अभी वह दो से तीन सात तक शादी नहीं करना चाहती थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच तकरार हुई और युवक ने चाकू से हमला कर दिया। इसमें लड़की और उसकी मां को चाकू से चोटें लगी हैं। वहीं पिटाई से युवक भी घायल है। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment