जहानागंज थाना क्षेत्र के नरेहथा गांव के पास बीती रात हुई दुर्घटना
आजमगढ़: जहानागंज थाना क्षेत्र के नरेहथा गांव के पास बुधवार की रात अनियंत्रित कार पलटने से किसान की मौत हो गई। बेटा व बहू सहित कार चालक घायल हो गये। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। तरवा थाना क्षेत्र के कम्हरिया गांव निवासी कुबेर यादव खेती करते है। बुधवार को अपने पुत्र प्रमोद यादव तथा बहू कंचन यादव के साथ गांव के ही चंदन सिंह की कार से जिला मुख्यालय गए थे। काम निपटाने के पश्चात देर शाम कार से शहर से गांव लौट रहे थे। चंडेश्वर-खरिहानी मार्ग पर नरेहथा गांव के समीप पहुंचे ही थे कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। कार में सवार सभी लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आस-पास के लोग मौके पर आ गए और घायलों को बाहर निकाला। सभी को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कालेज चक्रपानपुर भेजा गया। जहां डॉक्टर ने कुबेर यादव की हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल ले जाते समय रास्ते में कुबेर की मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर चले गए। गुरुवार को उपचार के बाद सभी घायलों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। घटना के बाद से मृतक के घर के लोग रो रो कर बेहाल हैं।
Blogger Comment
Facebook Comment