.

.

.

.
.

आजमगढ़: जिले भर में धूमधाम से मनाया गया नाग पंचमी का पर्व



महादेव के साथ ही नाग देवता की पूजा की गई

गुलजार रहे अखाड़े, बच्चों ने झूले का आनंद उठाया

आजमगढ़: नाग पंचमी का पर्व मंगलवार को जिले में धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने भगवान शिव साथ ही नाग देवता की पूजा कर सुख समुद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिरों में श्रद्धा का सैलाब सा उमड़ता दिखा। जगह जगह अखाड़े और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया तो बच्चों ने झूले का आनंद उठाया। लोगों में पर्व को लेकर काफी उत्साह दिखा। दिन निकलने के साथ ही लोगों ने नाग देवता को दूध लावा चढ़ाकर रक्षा की कामना की। इसके बाद दूध लावे को पूरे घर में छिड़का गया। इसके बाद लोगों ने मंदिरों में जाकर पूजन अर्चन किया। शहर के भंवरनाथ मदिर, चितारा महमूदपुर शिव मंदिर, बंधवा महादेव, हैदराबाद शिव मंदिर, रानी की सराय, सैयदवार, भैरवधाम, दुर्वासा धाम, दत्तात्रेय धाम और चंद्रमा ऋषि आश्रम पर भक्तों की भीड़ कुछ ज्यादा ही रही।
वहीं दूसरी तरफ गावों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। लोगों ने कुश्ती, कबड्डी, खोखों आदि का आनंद उठाया। वहीं बच्चे और महिलाएं झूला झूलते नजर आयी। सब मिला कर हर कोई पर्व का आनंद उठाता दिखा। पर्व पर इंद्र देव भी मेहरबान दिखे। दिन में दस बजे के बाद रिमझिम बारिश शुरू हो गई। ग्रामीण क्षेत्र में कुश्ती प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें पहलवानों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। कबड्डी और कुश्ती में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया तो मिष्ठान का वितरण किया गया। नागपंचमी के अवसर पर महराजगंज के भैरव धाम पर मेले का आयोजन किया गया। हजारों की संख्या में भक्तों ने मंदिर पहुंच कर सरोवर में स्नान के बाद भगवान शिव के साथ ही भैरवनाथ की आराधना की। वहीं बच्चे और महिलाओं ने मेले में जमकर खरीदारी की। सब मिलाकर पर्व को लेकर लोगों में काफी उत्साह दिखा। पर्व पर महंगाई का असर बिलकुल भी नजर नहीं आया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment